अंता।
30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर पालिका अंता द्वारा सामाजिक समरसता के रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांधी जी के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी महोदय हवाई सिंह यादव, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी दीपक नागर , नगर पालिका के कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
गांधी जी की प्रेरणा स्वरूप भजन प्रस्तुत किए गए, जिसके पश्चात उनके बलिदान को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों ने सत्य, अहिंसा और सामाजिक सौहार्द के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में भाईचारा, एकता और समरसता का संदेश देना रहा। नगर पालिका प्रशासन ने कहा कि महात्मा गांधी जी के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और उन्हें आत्मसात करना समय की आवश्यकता है।
